अजमेर , अप्रैल 05 -- केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने रविवार को अजमेर संसदीय क्षेत्र के तहत अजमेर जिले के किशनगढ़ एवं अजमेर शहर में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के तहत विभिन्न मण्डल प्रशिक्षण वर्गों में सहभागिता कर कार्यकर्ताओं से संवाद किया।

श्री चौधरी ने किशनगढ़ में आयोजित मण्डल प्रशिक्षण वर्ग में भाग लेते हुए कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचार आज भी हमें अंत्योदय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण की मजबूत आधारशिला है और ऐसे प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं को वैचारिक एवं संगठनात्मक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि संगठन की शक्ति ही विकसित भारत के संकल्प को साकार करने का आधार है।

उन्होंने अजमेर शहर जिला के बजरंग मण्डल (अजमेर उत्तर विधानसभा) में आयोजित दो दिवसीय मण्डल प्रशिक्षण वर्ग के समापन अवसर पर भी सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का एकात्म मानववाद हम सभी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। संगठन की मजबूती हमारे समर्पित कार्यकर्ताओं पर आधारित है, जो राष्ट्र सेवा के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित