कैथल , जून 15 -- हरियाणा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष डॉ अर्चना गुप्ता ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) करोड़ों कार्यकर्ताओं की मेहनत, तपस्या और समर्पण से विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है।
कैथल में आयोजित स्वागत समारोह में उन्होंने कहा कि भाजपा का वास्तविक सामर्थ्य उसके बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं में निहित है, जिनकी बदौलत केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में पार्टी लगातार जनसमर्थन प्राप्त कर रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित संगठन है, जो किसी परिवार, जाति या वर्ग विशेष पर नहीं, बल्कि राष्ट्रहित और संगठन की विचारधारा पर आधारित है। बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता ही चुनावी सफलता की नींव होती है।
डॉ. गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और वैश्विक प्रतिष्ठा के नये आयाम स्थापित किये हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, पीएम किसान सम्मान निधि, डिजिटल इंडिया और स्टार्टअप इंडिया जैसी योजनाओं से करोड़ों लोगों को लाभ मिला है।
महिला सशक्तिकरण पर उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण कानून, उज्ज्वला योजना और सुकन्या समृद्धि योजना जैसी पहलों ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने हरियाणा सरकार की लाडो लक्ष्मी योजना और युवाओं के लिए पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की भी सराहना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित