मुंबई , अक्टूबर 24 -- भारत में क्रूज पर्यटन की विशाल संभावनाओं के मद्देनजर क्रूज सेवा कंपनी कार्डेलिया क्रूजेज ने मुंबई से अपनी नयी सेवा ''कॉर्डेलिया स्काई'' क्रूज का व्यावसायिक परिचालन शुरू कर दिया है।
इस सेवा के लिए लागाए गये 258 मीटर लंबे लक्जरी ''कॉर्डेलिया स्काई'' क्रूज में एक हजार से ज्यादा कमरे हैं जिनमें एक साथ दो हजार से ज्यादा पर्यटकों को ठहराने की व्यवस्था है। क्रूज में आधुनिक सुख सुविधाएं मौजूद हैं और हर तरह के अतिथियों को आकर्षित करने के इंतजाम मौजूद हैं। करीब तीन हजार करोड़ रूपये की लागत वाला ''कॉर्डेलिया स्काई'' इस साल अक्टूबर से लेकर दिसंबर तक दो रातों वाली करीब दस समुद्री यात्राओं का आयोजन करने जा रहा है। इसमें मुख्यत: मुंबई से लेकर गोवा की यात्रा और मुंबई के आसपास के इलाकों का भ्रमण शामिल है। अगले साल की शुरूआत में भी ''कॉर्डेलिया स्काई'' की समुद्री यात्राओं का सिलसिला जारी रहेगा।
मुंबई में पंजीकृत कंपनी कॉर्डेलिया क्रूजेज'' के प्रेसिडेंट एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जुर्गेन बैलोम ने इस सेवा के बारे में यहां संवाददाताओं को बताया कि भारत में भी क्रूज पर्यटन का क्रेज बढ़ रहा है और पर्यटकों की तादाद में लगातार वृद्धि हो रही है।यह कार्डेलिया कंपनी का दूसरा क्रूज है।
''कॉर्डेलिया स्काई'' के बाद कंपनी ने ''कॉर्डेलिया सन'' क्रूज सेवा शुरू करने की योजना तैयार की है। कंपनी कार्डेलिया इम्प्रेस नाम से एक क्रूज पर्यटन सेवा का परिचालन पहले से कर रही है। श्री बैलोम ने बताया कि अगले साल एक नये आलीशान पोत के साथ ''कॉर्डेलिया सन'' की शुरुआत की जाएगी।
श्री बैलोम ने कहा कि देश में क्रूज पर्यटन तेजी से बढ़ रहा है और देश में क्रूज की संख्या अगले तीन वर्षों में दोगुनी हो जाने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि क्रूज पर्यटन के विकसित होने से इस क्षेत्र में रोजगार की संख्या भी बड़ी तेजी से बढ़ रही है। इस क्षेत्र में अगले तीन वर्षों में हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित