रायपुर , मार्च 13 -- छत्तीसगढ़ को राजधानी रायपुर के गंज थाना क्षेत्र में एक कारोबारी के साथ करीब 10 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। जहां एक कंपनी का मुंशी पार्टियों से रकम लेने के बाद बैंक में जमा करने की बजाय पैसे लेकर फरार हो गया।
पुलिस से शुक्रवार को यह जानकारी दी। देर रात शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार देवेंद्र नगर निवासी कारोबारी विजय गोयल आयरन और स्टील ट्रेडिंग का व्यवसाय करते हैं। उनका कार्यालय स्टेशन रोड स्थित अरिहंत कॉम्प्लेक्स में संचालित है। व्यवसाय से जुड़े लेन-देन की वसूली कर बैंक में जमा कराने की जिम्मेदारी उन्होंने अपने मुंशी अनिल साल्वे को दी थी।
बताया जा रहा है कि अनिल साल्वे ने विभिन्न पार्टियों से कंपनी के लगभग 10 लाख रुपए वसूले लेकिन यह राशि बैंक में जमा नहीं कराई। इसके बाद से वह अचानक लापता हो गया। कारोबारी ने उससे संपर्क करने की कोशिश की लेकिन उसका मोबाइल फोन भी बंद मिला।
मामले को लेकर कारोबारी ने गंज थाना में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।
गंज थाना प्रभारी सुनील दास ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित