जालौन , जुलाई 26 -- उत्तर प्रदेश के जनपद जालौन में रविवार को कारगिल विजय दिवस के अवसर पर चुरखी रोड स्थित हवलदार अनिल सिंह के प्रतिष्ठान पर पूर्व सैनिक कल्याण संघ की ओर से सम्मान समारोह आयोजित किया गया, वीर नारियों और 70 से अधिक पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में कारगिल युद्ध, ऑपरेशन पराक्रम और गलवान घाटी में शहीद हुए जवानों की वीर नारियों को शॉल एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। साथ ही कारगिल युद्ध में भाग लेने वाले 70 से अधिक पूर्व सैनिकों का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया।
मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद डॉ. घनश्याम अनुरागी ने कहा कि सैनिक ही सम्मान के वास्तविक अधिकारी हैं। उन्होंने स्वयं माल्यार्पण कराने से इनकार करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा वीर जवानों के त्याग और बलिदान का परिणाम है तथा उनका सम्मान करना हर नागरिक का कर्तव्य है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन के वरिष्ठ संरक्षक एवं प्रदेश अध्यक्ष कमांडर अनूप मेहरोत्रा (नौसेना मेडल) ने की। उन्होंने संगठन की एकजुटता पर बल देते हुए हाल ही में झांसी छावनी में मेजर घनश्याम सिंह और कैप्टन अखिलेश नगायच को मिले 'वेटरन अचीवमेंट अवॉर्ड' को जिले के लिए गौरव बताया। कार्यक्रम का संचालन नायब सूबेदार दिनेश निगम ने किया, जबकि अंत में कैप्टन अखिलेश नगायच ने आभार व्यक्त किया। समारोह में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, वीर नारियां और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित