अलवर , जुलाई 26 -- राजस्थान में अलवर में कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रविवार शाम अलवर शहर कांग्रेस समिति की ओर से कंपनी बाग स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में कांग्रेस के कई पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और शहरवासियों ने शामिल होकर कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की और उनके अदम्य साहस, शौर्य और राष्ट्र के प्रति समर्पण को नमन किया।

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश गंगावत ने कहा कि कारगिल विजय दिवस देश के वीर सैनिकों के अद्वितीय पराक्रम और बलिदान की याद दिलाता है। जिन जवानों ने मां भारती की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया, उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि यही है कि देशवासी उनके त्याग और राष्ट्रभक्ति को सदैव स्मरण रखें।

शहर कांग्रेस समिति के अध्यक्ष रमन सैनी ने कहा कि कारगिल युद्ध में भारतीय सेना ने अदम्य साहस और वीरता का परिचय देते हुए दुश्मन को परास्त किया और देश की सीमाओं की रक्षा की। उन्होंने कहा कि ऐसे वीर सैनिकों का बलिदान हमेशा देशवासियों को राष्ट्रसेवा और देशभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

श्रद्धांजलि सभा में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित