अलवर , जुलाई 26 -- कारगिल विजय दिवस के अवसर पर शनिवार को राजस्थान के अलवर स्थित शहीद स्मारक पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित करके उनके अदम्य साहस, सर्वोच्च बलिदान और राष्ट्रभक्ति को नमन किया गया। इस अवसर पर शहीदों की वीरांगनाओं का सम्मान भी किया गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, सेना एवं पुलिस अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे। पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा ने वीरांगनाओं को सम्मानित करते हुए कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों का ऋण कभी चुकाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि कारगिल के शहीदों का साहस और बलिदान सदियों तक देशवासियों को राष्ट्रसेवा और देशभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा। शहीदों के परिवारों का सम्मान करना पूरे समाज और राष्ट्र का कर्तव्य है।

जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल एक स्मृति दिवस नहीं, बल्कि उन अमर वीरों के अदम्य साहस, शौर्य और पराक्रम को याद करने का दिन है, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि हाल ही में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान उन्हें जैसलमेर में भारतीय सेना के साथ कार्य करने का अवसर मिला, जहां उन्होंने सेना के अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रभक्ति को बेहद करीब से अनुभव किया। कारगिल के वीर जवानों का बलिदान हर भारतीय के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित