मुंबई , जुलाई 26 -- कारगिल विजय दिवस देश के वीर सैनिकों के साहस, शौर्य और बलिदान को नमन करने का अवसर है। भारतीय सेना के जांबाजों की इन प्रेरक गाथाओं को बड़े पर्दे पर उतारने में बॉलीवुड ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। 'शेरशाह', 'गुंजन सक्सेना: द कारगिल गर्ल', 'लक्ष्य', 'एलओसी: कारगिल' और 'टैंगो चार्ली' जैसी फिल्मों ने कारगिल के नायकों की बहादुरी, संघर्ष और देशभक्ति को प्रभावशाली ढंग से दर्शकों तक पहुंचाया है।विष्णुवर्धन निर्देशित फिल्म 'शेरशाह' परमवीर चक्र विजेता कैप्टन विक्रम बत्रा के जीवन पर आधारित है। सिद्धार्थ मल्होत्रा अभिनीत इस फिल्म में कारगिल युद्ध के दौरान कैप्टन बत्रा की वीरता, नेतृत्व क्षमता और सर्वोच्च बलिदान को भावनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया गया है।
जान्हवी कपूर अभिनीत 'गुंजन सक्सेना: द कारगिल गर्ल' भारतीय वायुसेना की फ्लाइट लेफ्टिनेंट गुंजन सक्सेना के जीवन से प्रेरित है। फिल्म में कारगिल युद्ध के दौरान उनके साहसिक अभियानों और चुनौतियों को दिखाया गया है, जिन्होंने महिला सशक्तीकरण की एक नई मिसाल पेश की।
फरहान अख्तर की फिल्म 'लक्ष्य' कारगिल युद्ध की पृष्ठभूमि पर आधारित एक प्रेरणादायक कहानी है। ऋतिक रोशन द्वारा निभाया गया करण शेरगिल का किरदार एक लापरवाह युवक से जिम्मेदार सैनिक बनने की यात्रा को दर्शाता है। फिल्म में युद्ध के कठिन हालात और देशसेवा की भावना को प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया गया है।
जेपी दत्ता निर्देशित 'एलओसी: कारगिल' कारगिल युद्ध पर बनी सबसे चर्चित फिल्मों में शुमार है। संजय दत्त, अजय देवगन, अभिषेक बच्चन, सुनील शेट्टी, सैफ अली खान, अक्षय खन्ना और मनोज बाजपेयी जैसे कलाकारों से सजी यह फिल्म युद्ध में शामिल सैनिकों और अधिकारियों की वीरता तथा बलिदान की कहानी को बड़े पैमाने पर दर्शाती है।
मणि शंकर निर्देशित 'टैंगो चार्ली' में बॉबी देओल ने बीएसएफ जवान की भूमिका निभाई है। फिल्म में कारगिल सहित विभिन्न संघर्ष क्षेत्रों में तैनात सुरक्षा बलों के जवानों के जीवन, चुनौतियों और कर्तव्य के प्रति उनके समर्पण को संवेदनशीलता के साथ चित्रित किया गया है।
कारगिल विजय दिवस के अवसर पर ये फिल्में न केवल देश के वीर जवानों की अमर गाथाओं को याद करने का अवसर देती हैं, बल्कि नई पीढ़ी में देशभक्ति, साहस और राष्ट्रसेवा की भावना को भी मजबूत करती हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित