गोपालगंज, अक्टूबर 24 -- बिहार में गोपालगंज के जिला पदाधिकारी (डीएम) समीर सौरभ की उपस्थिति में कायाकल्प योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे, जबकि प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक में भाग लिया।
समीक्षा के दौरान जिले के सभी 1,915 विद्यालयों में रंग-रोगन एवं लघु मरम्मति कार्य 30 नवंबर से पूर्व पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। पोर्टल पर 190 विद्यालयों की प्रविष्टि लंबित पाए जाने पर जिला पदाधिकारी द्वारा आज ही पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। सभी विद्यालयों को शिक्षा विभाग द्वारा राशि उपलब्ध कराई गई है।
इसी प्रकार, सभी 1,178 आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य विभाग के पीएचसी, मॉडल अस्पताल, एपीएचसी एवं हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर तथा पंचायती राज विभाग से संबंधित पंचायत सरकार भवन, सामुदायिक भवन एवं अनुसूचित जाति-जनजाति विभाग के भवनों में निर्धारित समय-सीमा के भीतर रंग-रोगन एवं मरम्मति कार्य पंचायत राज की निधि से पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने लंबित योजनाओं का तकनीकी एवं प्रशासनिक अनुमोदन (टीएस /एएस ) पोर्टल पर आज ही सुनिश्चित करने का निर्देश प्रखंड विकास पदाधिकारियों को दिये। इस दौरान जिला पदाधिकारी ने कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारी को प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा कर प्रतिवेदन समर्पित करने के निर्देश दिये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित