पटना , अक्टूबर 31 -- ामकाजी महिलाओं को सुरक्षित, सम्मानजनक और किफायती आवास उपलब्ध कराने की दिशा में मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना के तहत संचालित 'आकांक्षा' कामकाजी महिला छात्रावास उपयोगी साबित हो रहा है। स्वच्छ वातावरण, बेहतर सुविधाओं और घर जैसे माहौल के कारण यह महिलाओं की पसंद बन रहा है। पटना के रूपसपुर स्थित आईएएस कॉलोनी और मुजफ्फरपुर में फिलहाल छात्रावास की सभी सीटें भर चुकी हैं। वहीं, गयाजी और भागलपुर सहित अन्य स्थानों पर उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए महिला एवं बाल विकास निगम ने अधिक से अधिक पात्र महिलाओं से आवेदन करने की अपील की है।

समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास निगम द्वारा संचालित पटना के 'आकांक्षा' छात्रावास में 50 महिलाओं के रहने की व्यवस्था है। यहां पात्र कामकाजी महिलाओं को निशुल्क आवास उपलब्ध कराया जाता है, जबकि भोजन के लिए तीन हजार रुपये प्रतिमाह देने होते हैं। यह सुविधा उन महिलाओं के लिए विशेष रूप से उपयोगी है, जो सरकारी या गैर-सरकारी संस्थानों में कार्यरत हैं और नौकरी के सिलसिले में पटना में रहते हुए सुरक्षित एवं किफायती आवास की तलाश में हैं।

छात्रावास में रह रहीं महिलाओं ने यहां की सुविधाओं और वातावरण के प्रति संतोष व्यक्त किया है। सूचना भवन में कार्यरत सौम्या मार्च से यहां रह रही हैं। उनका कहना है कि छात्रावास का माहौल बिल्कुल घर जैसा है। यहां सहायक, कर्मचारी, रसोइया और सुरक्षा गार्ड सभी महिलाएं हैं, जिससे सहजता और सुरक्षा का एहसास होता है। भोजन तैयार करते समय भी स्वास्थ्य का ध्यान रखा जाता है।

छात्रावास में आवासन के लिए आवेदन प्रक्रिया महिला एवं बाल विकास निगम के आधिकारिक पोर्टल पर उपलब्ध है। पात्रता के लिए मासिक आय की अधिकतम सीमा 75 हजार रुपये निर्धारित है। चयन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर और काउंसलिंग के माध्यम से किया जाएगा। आवेदन के लिए रोजगार संबंधी प्रमाण-पत्र, पहचान पत्र, नियुक्ति पत्र, वेतन पर्ची और स्थानीय अभिभावक का विवरण सहित आवश्यक दस्तावेज देने होंगे।

पटना और मुजफ्फरपुर के अलावा गयाजी और भागलपुर में भी कामकाजी महिला छात्रावास संचालित किए जा रहे हैं। पटना और मुजफ्फरपुर में सभी सीटें भर जाने के मद्देनजर विभाग ने अन्य स्थानों पर उपलब्ध सुविधाओं का लाभ लेने के लिए पात्र महिलाओं से अधिक से अधिक आवेदन करने की अपील की है।

वहीं, दरभंगा में छात्रावास निर्माण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। फिलहाल आवश्यक सामान की व्यवस्था की जा रही है और जल्द ही इसका उद्घाटन किया जाएगा। इससे दरभंगा में कार्यरत महिलाओं को भी सुरक्षित और किफायती आवास की सुविधा मिल सकेगी। इन छात्रावासों का उद्देश्य महिलाओं को आवास संबंधी चिंताओं से राहत देकर रोजगार और करियर पर ध्यान केंद्रित करने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित