कानपुर , जनवरी 31 -- कानपुर मेट्रो रेल परियोजना के कॉरिडोर-1 (आईआईटी-नौबस्ता) के शेष सेक्शन में कानपुर सेंट्रल से स्वदेशी कॉटन मिल रैम्प के बीच लगभग तीन किमी लंबे अंडरग्राउंड हिस्से की 'अप-लाइन टनल' में ट्रैक निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक अप-लाइन ट्रैक पूर्ण रूप से तैयार हो गया है और शीघ्र ही इस पर टेस्टिंग प्रक्रिया शुरू किए जाने की तैयारी है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक कुल सात स्टेशन प्रस्तावित हैं, जिनमें लगभग तीन किमी अंडरग्राउंड और 5.30 किमी एलिवेटेड सेक्शन शामिल है। बारादेवी से नौबस्ता तक एलिवेटेड भाग में ट्रैक, थर्ड रेल और सिग्नलिंग उपकरणों का कार्य पहले ही पूरा किया जा चुका है। इसके बाद अंडरग्राउंड अप-लाइन में रेल पटरियों की वेल्डिंग, ट्रैक स्लैब ढलाई और थर्ड रेल इंस्टॉलेशन का कार्य चरणबद्ध ढंग से संपन्न किया गया।

यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने इसे महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि बैलेंस सेक्शन में सिग्नलिंग, टेलीकॉम और इलेक्ट्रिकल सिस्टम्स का कार्य अंतिम चरण में है। उल्लेखनीय है कि 24 किमी लंबे कॉरिडोर-1 में वर्तमान में आईआईटी से कानपुर सेंट्रल तक लगभग 16 किमी पर मेट्रो सेवा संचालित है, जबकि शेष हिस्से को शीघ्र चालू करने के प्रयास जारी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित