कानपुर , अप्रैल 24 -- कानपुर पुलिस कमिश्नरेट की बिठूर पुलिस ने 36 वर्ष से फरार चल रहे एक वारंटी अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
अभियुक्त रमेश (68) मूल रुप से उन्नाव के बिठारीपुर रूरल थाना बांगरमऊ का निवासी है जो इस समय बिठूर के रमेल नगर में निवास कर रहा था। पुलिस के अनुसार अभियुक्त के विरुद्ध वर्ष 1984 में धारा 302 आईपीसी के तहत मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि उसने चाकू मारकर एक व्यक्ति की हत्या कर दी थी। इस प्रकरण में वर्ष 1986 में अपर जिला जज अष्टम की अदालत ने उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी।
आजीवन कारावास के बाद अभियुक्त ने क्रिमिनल अपील दाखिल की, लेकिन वर्ष 1990 से वह वारंट के बावजूद उच्च न्यायालय में उपस्थित नहीं हो रहा था। उच्च न्यायालय के निर्देश पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, कानपुर नगर द्वारा वारंट जारी किया गया था। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई।
थाना बिठूर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को 23 अप्रैल को रात 10:15 बजे नीलम आर्चिड होटल के पास से गिरफ्तार कर लिया और आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय भेज दिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक रजनीश पाल, हेड कांस्टेबल बृजमोहन तथा कांस्टेबल पंकज चौधरी शामिल रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित