कानपुर , जनवरी 22 -- उत्तर प्रदेश में कानपुर के नौबस्ता क्षेत्र में गुरुवार को पुलिस ने मादक पदार्थो की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुये गांजा और चरस समेत 30 लाख रुपये का मादक पदार्थ बरामद किया। इस सिलसिले में एक महिला समेत तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने यहां एक प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि बीती मध्य रात्रि के बाद यशोदानगर में पुलिस चेकिंग के दौरान सूचना मिली कि नौबस्ता बाईपास के पास एक स्कार्पियो में संदिग्ध सवार हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने बाइपास रोड पर विराट नगर कट के पास खड़ी सफेद रंग की स्कार्पियो को घेर लिया और सवार लोगों से पूछताछ की।
पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें एक किलो 420 ग्राम गांजा,115 ग्राम चरस,20 ग्राम भूरा पाउडर के अलावा एक लाख छह हजार 780 रुपये नगद बरामद हुये। इस मामले में डब्ल्यू ब्लाक केशव नगर निवासी तेज बहादुर सोनकर ((48),उसकी पत्नी आशा (45) के अलावा मेहरबान सिंह का पुरवा निवासी भीम सिंह (38) को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में पता चला कि उनका एक संगठित गिरोह है जो मादक पदार्थो की फुटकर बिक्री करने में लिप्त है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित