कानपुर नगर , सितंबर 8 -- उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर में मंगलवार को 256 नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।

मर्चेंट चैंबर हॉल में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने 30 नवनियुक्त कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। घाटमपुर, बिल्हौर और नर्वल तहसील तथा कल्याणपुर विकासखंड में भी नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।

कार्यक्रम के दौरान अयोध्या में आयोजित आंगनबाड़ी सम्मान समारोह का सीधा प्रसारण देखा गया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के मानदेय तथा सामाजिक सुरक्षा को लेकर की गई घोषणाओं की जानकारी दी गई।

मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के मानदेय में चार हजार रुपये प्रतिमाह की वृद्धि कर इसे 12 हजार रुपये तथा सहायिकाओं के मानदेय में दो हजार रुपये की वृद्धि कर छह हजार रुपये प्रतिमाह किया गया है। इसके अलावा कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इन सुविधाओं का लाभ कानपुर नगर की 4,104 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को मिलेगा।

उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को अब तीन साड़ियों के लिए 1,500 रुपये की धनराशि सीधे उनके बैंक खातों में दी जाएगी। डिजिटल कार्यप्रणाली को सुगम बनाने के लिए सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्टफोन उपलब्ध कराने की भी घोषणा की गई है। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य के लिए सात आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें बिधनू ब्लॉक की आशा देवी और चंद्रवती देवी, शहर प्रथम की अन्नू, वंदना साहू और वंदना सविता तथा शहर द्वितीय की शांति और पार्वती देवी शामिल हैं।

आयोजन में परियोजना निदेशक आलोक कुमार सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास सिंह, सीडीपीओ बिधनू रत्ना श्रीवास्तव और सीडीपीओ शहर प्रथम पुष्पा देवी समेत बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार तथा महिला कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और लाभार्थी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित