कानपुर नगर , मई 29 -- कानपुर में हाईवे पर नियमों का उल्लंघन कर वाहन चलाने वालों के खिलाफ गुरुवार देर रात प्रशासन ने सख्त अभियान चलाया। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर नरवल क्षेत्र में राजस्व, पुलिस, परिवहन और खनन विभाग की संयुक्त टीम ने सघन चेकिंग अभियान चलाकर 151 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की और 11 लाख 25 हजार रुपये शमन शुल्क वसूला।

अभियान के दौरान ओवरलोड, बिना नंबर प्लेट, अनधिकृत रूप से संचालित तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की गहन जांच की गई। टीम ने कई वाहन चालकों को सुरक्षित वाहन संचालन और यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक भी किया।

परिवहन विभाग ने 95 वाहनों का चालान कर 8 लाख 47 हजार रुपये, पुलिस विभाग ने 52 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 78 हजार 500 रुपये तथा खनन विभाग ने चार वाहनों से दो लाख रुपये शमन शुल्क वसूला।

जिलाधिकारी ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जनपद में तहसीलवार संयुक्त प्रवर्तन टीमों का गठन किया है। इसी क्रम में विभिन्न क्षेत्रों में नियमित अभियान चलाए जा रहे हैं।

अभियान का नेतृत्व उप जिलाधिकारी नरवल विवेक कुमार मिश्रा ने किया। इस दौरान एसीपी चकेरी अभिषेक पांडे, परिवहन विभाग के मानवेंद्र प्रताप सिंह, जिला खनन अधिकारी पारसनाथ, नायब तहसीलदार आशीष पटेल, राजस्व विभाग की टीम और पुलिस बल मौजूद रहा।

उप जिलाधिकारी विवेक कुमार मिश्रा ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है और ओवरलोडिंग, बिना नंबर प्लेट तथा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित