कानपुर , फरवरी 06 -- उत्तर प्रदेश में कानपुर के अरौल क्षेत्र में पुलिस ने हत्या और लूट के आरोपी 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को शुक्रवार को हथियार समेत गिरफ्तार कर लिया। सहायक पुलिस आयुक्त बिल्हौर मंजय सिंह ने पत्रकारों को बताया कि हत्या और डकैती के आरोपी कल्लू उर्फ पियूष को पुलिस ने आज सुबह गिरफ्तार कर लिया। मकईपुर गांव निवासी अभियुक्त के पास से देशी तमंचा 315 बोर और दो कारतूस बरामद किये गये हैं।

उन्होने बताया कि आरोपी बिल्हौर थाने में 2015 में हत्या और डकैती का मामले में वांछित है और इस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इसके अलावा कल्लू के खिलाफ जौनपुर जिले के शाहगंज क्षेत्र में भी हत्या और डकैती का मामले में 50 हजार रुपये का इनाम है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ जिले में पांच आपराधिक मामले में दर्ज है।

श्री सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के सगे चाचा और भाई पर भी कई आपराधिक मामले लंबित हैं। पुलिस पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्याें का पता लगा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित