कानपुर , अप्रैल 20 -- कानपुर नगर में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान, दस्तक अभियान एवं वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के लिये विभिन्न गतिविधियाँ संचालित की गईं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. हरिदत्त नेमी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (वीबीडी) डा. आर.एन. सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी अरुण कुमार सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांधी ग्राम क्षेत्र के विनोबा नगर मोहल्ले का निरीक्षण किया। इस दौरान सहायक मलेरिया अधिकारी भूपेन्द्र सिंह, वरिष्ठ मलेरिया निरीक्षक प्रशान्त कुमार वर्मा, अर्बन मलेरिया निरीक्षक अमित धीमान, रिजनल कोऑर्डिनेटर पाथ डा. शिवकान्त, आईएफडब्ल्यू अरविन्द कुमार, एएनएम सरिता सिंह, आशा नीरू एवं आंगनबाड़ी शीला के कार्यों का भी जायजा लिया गया।
अभियान के अंतर्गत घर-घर जाकर चल रही गतिविधियों का निरीक्षण किया गया तथा लोगों को संचारी रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। टीम ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार के लक्षण दिखाई देने पर नजदीकी सरकारी अस्पताल में जांच अवश्य कराएं।
शहरी क्षेत्रों में आशा कार्यकर्ताओं द्वारा पम्पलेट वितरण एवं घरों पर स्टीकर चस्पा किए गए, जिनका निरीक्षण अधिकारियों द्वारा किया गया। साथ ही जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम पर चर्चा की गई, जिसमें स्थानीय लोगों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
संयुक्त टीम द्वारा 25 घरों का सर्वेक्षण किया गया, जिसमें कोई भी घर संक्रमित नहीं पाया गया। साथ ही 119 जल-पात्रों की जांच की गई, जिनमें कहीं भी मच्छरों का लार्वा नहीं मिला।
निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई एवं अन्य कार्य पंचायती राज माइक्रोप्लान के अनुसार कराए जा रहे हैं। पशुपालन विभाग द्वारा पशुपालकों को जागरूक करते हुए पशु बाड़ों को आबादी से दूर रखने की सलाह दी गई। वहीं, कृषि विभाग द्वारा चूहों एवं अन्य कृतकों से फैलने वाली स्क्रब टाइफस बीमारी के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के तहत शहरी क्षेत्रों में सोर्स रिडक्शन, ग्रामीण क्षेत्रों में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, इंडोर स्पेस स्प्रे एवं नालियों में लार्वीसाइडल छिड़काव कराया गया। साथ ही एंटोमोलॉजिकल सर्वेक्षण कर लोगों को जलभराव रोकने, जमा पानी को हटाने, आवश्यकतानुसार केरोसीन या जला हुआ मोबिल ऑयल डालने तथा मच्छरों से बचाव हेतु रिपेलेंट क्रीम के उपयोग और पूरे शरीर को ढककर रखने की सलाह दी गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित