कानपुर , मार्च 28 -- उत्तर प्रदेश में कानपुर जिले के पतारा क्षेत्र में शनिवार को प्राथमिक विद्यालय, जहांगीराबाद के जर्जर भवन की छत से प्लास्टर का बड़ा टुकड़ा गिरने से हड़कंप मच गया, हालांकि इस घटना में कोई भी बच्चा घायल नहीं हुआ है।

विद्यालय की छत गिरने की सूचना पर उपजिलाधिकारी घाटमपुर, एसीपी घाटमपुर, एडीओ पतारा तथा थाना प्रभारी घाटमपुर मौके पर पहुंचे और जांच की। जांच में पाया गया कि भवन पुराना होने के कारण तीन कक्षाओं की छत से सीमेंट और चूना झड़ रहा था, लेकिन छत गिरने की कोई घटना नहीं हुई।

पुलिस ने बताया कि विद्यालय में कुल 182 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। एहतियात के तौर पर संबंधित कक्षाओं के बच्चों को तत्काल हटाकर अन्य सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर दिया गया।

निरीक्षण के बाद निर्णय लिया गया है कि मरम्मत कार्य पूरा होने तक प्राथमिक विद्यालय के छात्रों की कक्षाएं निकट स्थित आरती मैरिज लॉन में संचालित की जाएंगी, जबकि आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों को आयुष्मान स्वास्थ्य केंद्र, जहांगीराबाद में अस्थायी रूप से स्थानांतरित किया गया है।

ग्राम सचिव के अनुसार विद्यालय की मरम्मत का कार्य लगभग 25 से 30 दिनों में पूरा कर लिया जाएगा। प्रशासन ने बताया कि मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है और किसी प्रकार की कानून-व्यवस्था की समस्या नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित