कानपुर , जनवरी 13 -- उत्तर प्रदेश में कानपुर नगर के बिल्हौर क्षेत्र में प्रतिबंधित पशुओं के अवशेष मिलने के मामले में पुलिस ने थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। इस मामले में नामजद दस लोगों में दो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है जबकि चार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) आशुतोष कुमार ने मंगलवार को बताया कि सोमवार देर शाम सोशल मीडिया पर एक वीडियो में प्रतिबंधित पशुओं की हड्डियाँ, खाल एवं अवशेष दिखाई देने की सूचना पर तत्काल पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा मौके पर पहुँचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। घटनास्थल कस्बे से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर खेतों में, कब्रिस्तान से सटे दो इन्क्लोजर में स्थित पाया गया, जहाँ बड़ी मात्रा में पशु अवशेष मिले। मौके पर किसी ताज़ा या लाइव स्लॉटरिंग के प्रमाण नहीं पाए गए। पशु चिकित्सक द्वारा परीक्षण/पोस्टमार्टम कराया गया। उन्होने बताया कि इस मामले में दर्ज एफआईआर में कुल दस नामजद अभियुक्त दर्शाए गए हैं, जिनमें से अब तक दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है। शेष अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिये टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है। उन्होने बताया कि घटनास्थल थाना क्षेत्र से मात्र लगभग डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, जहाँ हल्का प्रभारी, बीट प्रभारी तथा एक पुलिस चौकी भी मौजूद है। इस दृष्टि से यह प्रकरण पुलिस कर्मचारियों एवं अधिकारियों की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।

श्री कुमार ने बताया कि लापरवाही के संबंध में थाना प्रभारी, हल्का प्रभारी, बीट प्रभारी तथा एक हेड कांस्टेबल के विरुद्ध निलंबित कर दिया गया है। स्थानीय जनप्रतिनिधि ने बताया कि इस संबंध में पुलिस को पूर्व में कई बार फोन कर सूचना दी गई थी लेकिन इसे गंभीरता से नहीं लिया गया।

उन्होने बताया कि प्रतिबंधित पशुओं के अवशेष मिलने की सूचना पर हिन्दूवादी संगठन में आक्रोश फैल गया था। इा दौरान कुछ अतिउत्साही युवकों द्वारा मौके पर खड़ी 3-4 गाड़ियों में तोड़फोड़ कर शीशे आदि क्षतिग्रस्त कर दिए गए, जिनमें से कुछ वाहन स्थानीय लोगों के बताए गए हैं।

अधिकारी ने बताया कि फिलहाल क्षेत्र में स्थिति पूर्णतः नियंत्रण में है, मौके पर शांति व्यवस्था कायम है तथा वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में पुलिस बल द्वारा लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित