कानपुर , फरवरी 20 -- उत्तर प्रदेश में बिल्हौर थाना क्षेत्र के ग्राम अलीपुर करुवा में गाय की हत्या की अफवाह पर शुक्रवार को पुलिस में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में गाय की हत्या की सूचना असत्य पाई गई, जबकि नीलगाय के शिकार की पुष्टि हुई। पुलिस के अनुसार नीलगाय का शिकार किए जाने पर कुछ स्थानीय लोगों ने आरोपितों को रोकने का प्रयास किया, जिस दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद और मारपीट हो गई। इस घटना में नितिन, सुमित तथा उमेश शर्मा निवासी अलीपुर करुवा मऊ घायल हो गए। तीनों के सिर में चोट आई है।

घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है और मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। वन विभाग को भी सूचना देकर फॉरेस्ट रेंजर को अवगत करा दिया गया है। पशु चिकित्सक को बुलाकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है। तहरीर प्राप्त होने पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

सहायक पुलिस आयुक्त बिल्हौर श्री मंजय सिंह ने बताया कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित