कानपुर , मार्च 10 -- उत्तर प्रदेश में कानपुर के घाटमपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कठेठा के बाहर खेत में किशोरी का शव मिलने की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने मंगलवार को यहां पत्रकारों को बताया कि सात मार्च को कठेठा गांव के बाहर खेत में 16 वर्षीय नाबालिग का शव मिलने की सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए थे। परिजनों की तहरीर के आधार पर धारा 103 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर नामजद व्यक्तियों की संलिप्तता नहीं पाई गई। विवेचना में आशुतोष सिंह का नाम सामने आया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह मृतक की बहन को परेशान करता था और इसका विरोध करने पर रंजिश में उसने नाबालिग को खेत में ले जाकर पहले गला दबाया और फिर पजामे की डोरी से गला घोंटकर हत्या कर दी। बाद में शव को माइनर में फेंक दिया।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस उपायुक्त ने कहा कि मामले का सफल अनावरण एसीपी घाटमपुर और थाना घाटमपुर पुलिस टीम ने किया। पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित