कानपुर , सितंबर 10 -- उत्तर प्रदेश में कानपुर के रेल बाजार थाना क्षेत्र में एसओजी/क्राइम ब्रांच और थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब दो लाख रुपये के जाली नोट बरामद किये गये।
अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय/अपराध) संकल्प शर्मा ने गुरुवार को पत्रकारों को बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में कुछ लोग जाली नोट छाप कर बाजार में चला रहे है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुये पुलिस ने सोमिल गुप्ता (31),रोशन अली (24) और शेर सिंह (51) को धर दबोचा और उनके कब्जे से दो लाख रुपये से अधिक के 100,50 एवं 500 रुपये के जाली नोट बरामद कर लिये।
उन्होने बताया कि गिरोह के सदस्य एक प्रिंटर के जरिये नोट छापते थे और ग्रामीण क्षेत्रों में गरीब दुकानदार और अन्य अनपढ़ लोगों के बीच चलाते थे। एक बार क्षेत्र में जाने के बाद वे उस क्षेत्र का दोबारा रुख नहीं करते थे। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों के पिछले करीब तीन-चार महीने से फेक करेंसी चलाने में संलिप्त होने की जानकारी सामने आई है। आरोपी कानपुर और आसपास के क्षेत्रों में छोटी-छोटी रकम के रूप में नकली नोट चलाते थे।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। तीनों के खिलाफ करीब 15 मुकदमे पहले से दर्ज हैं, जिनमें मुख्य रूप से चोरी, जेबकतरी और अन्य आपराधिक मामले शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों के कुछ सहयोगियों के नाम भी सामने आए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है। मामले में विस्तृत पूछताछ और विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है तथा सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित