कानपुर , सितंबर 14 -- कानपुर में बिगड़ी यातायात व्यवस्था और जाम की समस्या को लेकर सांसद रमेश अवस्थी ने सोमवार को जनप्रतिनिधियों और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने, प्रमुख चौराहों पर जाम, अतिक्रमण, पार्किंग व्यवस्था, यातायात संचालन और व्यस्त मार्गों पर बढ़ते वाहनों के दबाव समेत विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
बैठक में पुलिस उपायुक्त यातायात रविन्द्र कुमार भी मौजूद रहे। सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि कानपुर जैसे औद्योगिक महानगर में सुगम यातायात व्यवस्था केवल सुविधा का विषय नहीं, बल्कि आर्थिक गतिविधियों, व्यापार, उद्योग और आम जनजीवन से सीधे जुड़ा मुद्दा है। शहरवासियों को आए दिन जाम की समस्या से जूझना पड़ता है, जिससे स्कूली बच्चों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों, मरीजों और बुजुर्गों को परेशानी होती है। इसलिए यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाना जरूरी है।
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की यातायात संबंधी समस्याएं सामने रखते हुए जाम के प्रमुख कारणों, ट्रैफिक सिग्नल की स्थिति, सड़क किनारे अवैध पार्किंग, अतिक्रमण, ई-रिक्शा और अन्य वाहनों के अनियंत्रित संचालन तथा प्रमुख मार्गों पर यातायात के दबाव से संबंधित सुझाव दिए।
डीसीपी ट्रैफिक रविन्द्र कुमार ने जनप्रतिनिधियों के सुझावों को उपयोगी और व्यावहारिक बताते हुए भरोसा दिलाया कि यातायात पुलिस इन्हें प्राथमिकता के आधार पर लागू करने की दिशा में काम करेगी। उन्होंने कहा कि जहां आवश्यकता होगी, वहां संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर स्थायी समाधान के लिए कदम उठाए जाएंगे।
सांसद ने डीसीपी ट्रैफिक से कहा कि कानपुरवासियों को बेहतर, सुरक्षित और सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि केवल कागजी योजनाओं से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्रवाई दिखाई देनी चाहिए। प्रमुख चौराहों और मार्गों पर यातायात पुलिस की प्रभावी मौजूदगी, अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई तथा यातायात संचालन की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को लेकर जनप्रतिनिधियों और पुलिस विभाग के बीच निरंतर संवाद होना चाहिए, ताकि स्थानीय समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जा सके। जहां स्थायी समाधान के लिए आधारभूत ढांचे से जुड़े कार्यों की आवश्यकता होगी, वहां संबंधित विभागों और शासन स्तर पर भी मुद्दा उठाया जाएगा।
बैठक में विधायक नीलिमा कटियार, विधायक सुरेंद्र मैथानी, भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित, शिवराम सिंह, पूर्व विधायक रघुनंदन भदौरिया, वरिष्ठ भाजपा नेता मणिकांत जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित