कानपुर , जुलाई 6 -- कानपुर के परमट स्थित प्राथमिक विद्यालय में सोमवार को शिक्षा के क्षेत्र में एक अनूठी पहल देखने को मिली। सांसद रमेश अवस्थी की सांसद निधि से बनने वाले नए कक्ष और स्मार्ट क्लास का शिलान्यास विद्यालय की कक्षा-1 के छात्र कुमार शिवांशु ने किया।
कार्यक्रम में शिलान्यास की पूरी प्रक्रिया एक विद्यार्थी के हाथों संपन्न कराई गई। कुमार शिवांशु ने विधि-विधान से भूमि पूजन किया, नारियल फोड़ा और रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट का अनावरण कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना करते हुए इसे बच्चों के आत्मविश्वास और सम्मान को बढ़ावा देने वाला कदम बताया।
इस अवसर पर कुमार शिवांशु को मुख्य अतिथि के रूप में सम्मानित किया गया। सांसद रमेश अवस्थी की ओर से उन्हें शिक्षा उपयोगी सामग्री से युक्त विद्यालयी बैग भेंट किया गया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने बताया कि सांसद रमेश अवस्थी इससे पहले भी विद्यालय के विद्यार्थियों को स्कूल यूनिफॉर्म उपलब्ध करा चुके हैं और विद्यालय के विकास के लिए लगातार सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सांसद निधि से बनने वाला नया कक्ष और स्मार्ट क्लास विद्यार्थियों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।
कार्यक्रम में राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित डॉ. गिरीश मिश्रा, आर. नगर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य राजन लाल, राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित बेसिक शिक्षा विभाग परमट के प्रधानाचार्य संजय दुबे, अंगद सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित