कानपुर , मार्च 02 -- उत्तर प्रदेश में कानपुर के बिल्हौर क्षेत्र की पुलिस और साइबर सेल के संयुक्त अभियान में फर्जी स्कीम के नाम पर साइबर ठगी करने वाले चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार थाना बिल्हौर पर दर्ज मुकदमे में धारा 338(4)/111(6)/317(2)/338/340(2) बीएनएस एवं 66 डी आईटी एक्ट के तहत मामला पंजीकृत किया गया था। गिरफ्तार अभियुक्तों में राज उर्फ कृष्णा (19), सोहेल (20), मोहम्मद इमरान उर्फ शीबू (19) और अर्जुन ठाकुर (19) शामिल हैं। पूछताछ में खुलासा हुआ कि अभियुक्त लोगों को फर्जी स्कीम के जरिए अधिक मुनाफा कमाने का लालच देते थे। वे पुराने बैंक खातों अथवा आधार कार्ड के माध्यम से नई सिम निकलवाकर विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाते थे और उन खातों का उपयोग साइबर ठगी के लिए करते थे। इसके अलावा कूटरचित आधार कार्ड तैयार कर बैंक व जनसेवा केंद्रों पर पहचान छिपाने के लिए इस्तेमाल करते थे।

पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन, तीन कूटरचित आधार कार्ड, सात पासबुक, एक एटीएम कार्ड, दो सिम कार्ड और एक मोटरसाइकिल तथा अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित