कानपुर , मार्च 12 -- कानपुर के ईश्वरीगंज ग्राम में जिला प्रशासन ने ग्रामसभा की लगभग 0.28 हेक्टेयर भूमि को अवैध अतिक्रमण से मुक्त कराते हुए अवैध रूप से बनाई गई सीमेंटेड बाउंड्रीवाल को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। प्रशासनिक सूत्रों ने बताया कि ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं उपजिलाधिकारी सदर अनुभव सिंह के निर्देश पर राजस्व टीम और पुलिस बल ने गुरुवार को मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। शिकायत मिली थी कि ग्राम ईश्वरीगंज में गाटा संख्या 138 की ग्रामसभा भूमि पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर पक्की बाउंड्रीवाल बनाकर करीब दो बीघा जमीन घेर ली है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम सदर ने राजस्व टीम को जांच के निर्देश दिए।

जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद राजस्व विभाग की टीम पुलिस बल के साथ गांव पहुंची और जेसीबी मशीन से अवैध रूप से निर्मित बाउंड्रीवाल को ध्वस्त कर करीब 0.28 हेक्टेयर भूमि को कब्जा मुक्त करा दिया। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर मौजूद रहे।

संयुक्त मजिस्ट्रेट ने कहा कि ग्रामसभा की भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। अतिक्रमण हटाने के बाद भूमि को ग्रामसभा के अभिलेखों के अनुसार सुरक्षित कर दिया गया है तथा भविष्य में दोबारा कब्जा न हो इसके लिए निगरानी भी सुनिश्चित की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित