कानपुर , अगस्त 17 -- गंगा नदी में ऊपरी क्षेत्रों से पानी छोड़े जाने के बावजूद कानपुर बैराज पर जलस्तर अभी चेतावनी बिंदु से नीचे बना हुआ है। बाढ़ नियंत्रण कार्यालय, लोअर गंगा कैनाल (एलजीसी) के अनुसार सोमवार सुबह आठ बजे कानपुर बैराज के अपस्ट्रीम में जलस्तर 113.580 मीटर तथा डाउनस्ट्रीम में 113.430 मीटर दर्ज किया गया।
कार्यालय से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार बैराज से 2,92,469 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज किया जा रहा है। कानपुर बैराज का चेतावनी स्तर 114.000 मीटर तथा खतरे का निशान 115.000 मीटर निर्धारित है। खतरे के स्तर पर डिस्चार्ज 5,44,373 क्यूसेक माना जाता है।
उन्नाव जिले के शुक्लागंज गेज स्टेशन पर गंगा का जलस्तर 112.220 मीटर रिकॉर्ड किया गया। यहां चेतावनी स्तर 113 मीटर और खतरे का निशान 114 मीटर निर्धारित है। वर्तमान जलस्तर दोनों बिंदुओं से नीचे बना हुआ है। ऊपरी क्षेत्रों में स्थित हरिद्वार बैराज से 93,770 क्यूसेक तथा नरोरा बैराज से 1,11,969 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। जल संसाधन विभाग की ओर से नदी के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारियों के अनुसार फिलहाल कानपुर और आसपास के क्षेत्रों में स्थिति सामान्य है, हालांकि ऊपरी बैराजों से हो रहे डिस्चार्ज को देखते हुए नदी के जलस्तर पर सतत निगरानी जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित