कानपुर , जुलाई 30 -- उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने गुरुवार को विशेष अभियान चलाकर दूध, पनीर, दही, कुल्फी समेत विभिन्न खाद्य पदार्थों के आठ नमूने जांच के लिए संग्रहित किए। अभियान के दौरान एक प्रतिष्ठान पर रखे 25 किलोग्राम रंगीन फिंगर चिप्स को मौके पर ही नष्ट कराया गया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश तथा सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय संजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाया। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए अलग-अलग प्रतिष्ठानों से नमूने लिए गए।
उन्होंने बताया कि ठाकुर दूध डेयरी, बर्रा से दूध एवं पनीर, गोवर्धन डेयरी, घाटमपुर से मिश्रित दूध, पांडेय स्वीट एंड नमकीन, घाटमपुर से पनीर, जवाहर नगर से कुल्फी, राठौर दूध डेयरी, पनकी से पनीर, गोपाल दूध भंडार, रामनारायण मार्केट से भैंस के दूध, गुलशन डेयरी, फजलगंज से दही तथा स्पाइसी फूड, किदवई नगर से सांभर एवं चिली पनीर के नमूने संग्रहित किए गए।
अभियान के दौरान स्पाइसी फूड, किदवई नगर में विक्रय के लिए भंडारित 25 किलोग्राम रंगीन फिंगर चिप्स को खाद्य सुरक्षा मानकों के दृष्टिगत मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय संजय प्रताप सिंह ने बताया कि वर्षा ऋतु को देखते हुए खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों को ढककर रखने, प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने तथा खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा इस प्रकार के अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित