कानपुर , अगस्त 1 -- उत्तर प्रदेश में कानपुर नगर के रावतपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक कार के अंदर चालक सीट पर एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृत्यु के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

पुलिस के अनुसार शनिवार शाम लगभग 4:30 बजे सूचना मिली कि रावतपुर थाना क्षेत्र में एक चारपहिया वाहन के अंदर चालक सीट पर एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में कार की चालक सीट पर एक व्यक्ति मृत मिला, जिसकी पहचान शशिकांत कन्नौजिया (48) निवासी गीता नगर, थाना काकादेव, कानपुर नगर के रूप में हुई।

पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मृत्यु का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। घटनास्थल का फील्ड यूनिट द्वारा निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए हैं।

शव को पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य जांच के आधार पर लगाया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित