कानपुर , मई, 02 -- कानपुर जिले में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत बिल्हौर क्षेत्र में संयुक्त टीम ने सख्त कार्रवाई करते हुए नौ वाहनों को सीज किया और 9.49 लाख रुपये का जुर्माना वसूला। बिल्हौर-ककवन रोड तथा अरौल-मकनपुर मार्ग पर उपजिलाधिकारी बिल्हौर मनीष कुमार के नेतृत्व में परिवहन विभाग, पुलिस, खनन विभाग और प्रशासन की टीम ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बैरियर लगाकर वाहनों की जांच की गई और ओवरलोडिंग पाए जाने पर मौके पर ही कार्रवाई की गई। कई वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक खनन सामग्री लदी पाई गई, जिस पर संबंधित प्रावधानों के तहत चालान और सीज की कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने वाहन चालकों एवं संचालकों को ओवरलोडिंग के दुष्परिणामों के बारे में भी जागरूक किया। उन्होंने बताया कि ओवरलोडिंग से सड़कों को नुकसान पहुंचता है और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है, इसलिए यातायात नियमों का पालन अनिवार्य है।
उपजिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि जनपद में ओवरलोडिंग के खिलाफ अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि यातायात व्यवस्था सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनी रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित