कानपुर , जून 19 -- उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जाजमऊ स्थित एक निर्माण इकाई से बरामद लगभग 8600 लीटर कालातीत (एक्सपायर्ड) खाद्य सामग्री को नष्ट करा दिया। विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देश तथा खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के आदेश के क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जनपद में शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 15 जून को जाजमऊ स्थित विशाल भारत इंडस्ट्री का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में भारी मात्रा में कालातीत सिरप, क्रश, शरबत एवं सॉस भंडारित पाए गए। निरीक्षण के समय मौजूद लोग मौके से फरार हो गए, जिसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने निर्माण इकाई को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।
सूत्रों के अनुसार 17 जून को खाद्य कारोबारकर्ता के प्रतिनिधि की उपस्थिति में अचार के दो नमूने संग्रहित किए गए तथा लगभग 198 किलोग्राम अचार को सीज कर दिया गया। इसके अतिरिक्त जांच के लिए सॉस के तीन नमूने भी लिए गए। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को विभागीय कार्रवाई के तहत लगभग 8600 लीटर कालातीत खाद्य सामग्री, जिसकी अनुमानित कीमत 2.32 लाख रुपये से अधिक है, को नगर निगम के भवती स्थित डंपिंग ग्राउंड में विधिवत नष्ट कराया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि मिलावटी, अवमानक और कालातीत खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण तथा बिक्री के विरुद्ध भविष्य में भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। कार्रवाई के दौरान सहायक आयुक्त (खाद्य) संजय प्रताप सिंह के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह, अरविन्द, आशुतोष तथा दिव्या मौजूद रहीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित