कानपुर , मार्च 31 -- कानपुर नगर में ई-रिक्शा एवं ई-ऑटो के सुव्यवस्थित, सुरक्षित और नियंत्रित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस द्वारा चलाया जा रहा कलर क्यूआर कोड स्टीकर रजिस्ट्रेशन अभियान सात अप्रैल तक बढ़ा दिया गया है।
यातायात पुलिस के सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि 25 फरवरी से संचालित इस अभियान की आखिरी तारीख 31 मार्च निर्धारित थी, जिसे अब 7 दिन बढ़ाकर 7 अप्रैल कर दिया गया है। शहर के 37 थानों और एसीपी यातायात कार्यालयों में विशेष काउंटर स्थापित कर रजिस्ट्रेशन एवं स्टीकर वितरण किया जा रहा है।
पुलिस ने सभी ई-रिक्शा एवं ई-ऑटो स्वामियों व चालकों से अपील की है कि वे वाहन आरसी, ड्राइविंग लाइसेंस, फिटनेस प्रमाणपत्र, बीमा और आधार कार्ड की प्रति के साथ निर्धारित तिथि से पहले क्यूआर कोड स्टीकर प्राप्त कर लें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि 1 अप्रैल 2026 से बिना क्यूआर कोड, रजिस्ट्रेशन या वेरिफिकेशन के संचालित वाहनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी, जिसमें वाहन सीज करने या चालान की कार्रवाई शामिल है।
यातायात पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि सात अप्रैल के बाद क्यूआर कोड स्टीकर जारी नहीं किया जाएगा। ऐसे में सभी वाहन स्वामी समय रहते रजिस्ट्रेशन कराकर यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करें और शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहयोग करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित