कानपुर , मार्च 16 -- कानपुर जिला प्रशासन ने दावा किया है कि नगर में घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है और उपभोक्ताओं को बुकिंग के क्रम के अनुसार नियमित रूप से सिलेंडरों की होम डिलीवरी की जा रही है। प्रशासन द्वारा गैस एजेंसियों की सतत निगरानी की जा रही है। जिला पूर्ति अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने सोमवार को बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में 11 से 15 मार्च के बीच गैस सिलेंडरों की बुकिंग में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं द्वारा एक साथ बुकिंग कराए जाने के कारण बुकिंग का आंकड़ा अधिक दिखाई दे रहा है, जबकि सिलेंडरों की आपूर्ति पिछले वर्ष की भांति ही है और इसमें किसी प्रकार की कमी नहीं है।
उन्होंने बताया कि 11 से 15 मार्च 2025 के बीच जनपद में कुल 1,76,722 गैस सिलेंडरों की बुकिंग हुई थी, जबकि इसी अवधि में वर्ष 2026 में यह संख्या बढ़कर 4,90,658 हो गई है। इस प्रकार पांच दिनों में बुकिंग लगभग तीन गुना बढ़ गई। इस दौरान 14 मार्च को 1,01,628 और 15 मार्च को 1,02,526 सिलेंडरों की बुकिंग दर्ज की गई, जो सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक है।
राकेश कुमार सिंह ने बताया कि सिलेंडरों की डिलीवरी लगभग सामान्य स्तर पर है। 11 मार्च 2025 को 20,224 सिलेंडरों की डिलीवरी हुई थी, जबकि 11 मार्च 2026 को 17,454 सिलेंडर वितरित किए गए। 12 मार्च 2025 को 28,999 के मुकाबले 12 मार्च 2026 को 19,353 सिलेंडर दिए गए। 13 मार्च 2025 को 30,977 सिलेंडर वितरित हुए थे, जबकि 13 मार्च 2026 को 26,883 सिलेंडरों की डिलीवरी की गई। 14 मार्च 2025 को 18,200 के मुकाबले 14 मार्च 2026 को 28,457 सिलेंडर वितरित किए गए। इसी प्रकार 15 मार्च 2025 को 17,100 सिलेंडरों की डिलीवरी हुई थी, जबकि 15 मार्च 2026 को 25,126 सिलेंडर वितरित किए गए। कुल मिलाकर 11 से 15 मार्च 2025 के बीच 1,15,500 और इसी अवधि में वर्ष 2026 में 1,17,273 सिलेंडरों की डिलीवरी की गई है।
उन्होंने बताया कि इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनियों के माध्यम से नियमित रूप से सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है और प्रशासन द्वारा गैस एजेंसियों की लगातार निगरानी की जा रही है ताकि बुकिंग के क्रम के अनुसार उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी सुनिश्चित की जा सके।
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने लोगों से अपील की है कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर आपूर्ति को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक पैनिक बुकिंग से बचें। उन्होंने कहा कि जनपद में गैस सिलेंडरों की पर्याप्त आपूर्ति उपलब्ध है और सभी उपभोक्ताओं को नियमानुसार सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित