कानपुर , जून 05 -- उत्तर प्रदेश में कानपुर नगर जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की गला काटकर की गई हत्या का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त फावड़ा भी बरामद किया है। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि तीन जून की रात लगभग 11 बजे डायल-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम किशनपुर में एक व्यक्ति की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही महाराजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इस दौरान पता चला कि किशनपुर गांव निवासी कालीशंकर पुत्र रामऔतार (40) घर के सामने बने मंदिर पर लेटे हुए थे, तभी किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका गला काटकर हत्या कर दी। परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी निशा की तहरीर पर महाराजपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) एवं 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस आयुक्त तथा संयुक्त पुलिस आयुक्त के निर्देशन में गठित टीम ने मामले की जांच करते हुए 24 घंटे के भीतर घटना का खुलासा कर दिया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर किशनपुर निवासी शुभम पुत्र रामकुमार (23) को कटरी गंगा के किनारे स्थित काली मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ और निशानदेही के आधार पर पुलिस ने गंगा नदी के किनारे से हत्या में प्रयुक्त एक फावड़ा बरामद किया। आरोपी ने हत्या का गुनाह कबूल करते हुये बताया कि मृतक उनके परिवार के साथ आये दिन गाली गलौच करता था और उसकी मां पर गलत निगाह रखता था। इसी की खुन्नस में उसने घटना को अंजाम दिया। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि कुछ दिन पहले आरोपी तेज आवाज में अश्लील गाना सुन रहा था जिस पर मृतक ने ऐतराज जताया था। फिलहाल पुलिस की आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित