कानपुर , मई 02 -- उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर में थाना छावनी क्षेत्र में हुए चर्चित हत्या कांड का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। घटना का अनावरण तीन दिन के भीतर किया गया। पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने शनिवार को यहां पत्रकारों को बताया कि 26 अप्रैल की रात करीब 8:30 से 9:30 बजे के बीच उन्नाव जनपद के गंगाघाट थाना क्षेत्र स्थित मरहावा चौकी के पास सड़क किनारे मोनू उर्फ ओम कैलाश की हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि अभियुक्तों ने पहले उसे शराब पिलाई, फिर आंख व चेहरे पर फॉग स्प्रे डालकर डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी।

घटना के खुलासे के दौरान पुलिस ने एक मई को गंगा घाट उन्नाव निवासी बापन पाल तथा अतीत वर्मा उर्फ कार्तिक उर्फ बृजेश वर्मा निवासी उन्नाव को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त फॉग स्प्रे, डंडे, मृतक का मोबाइल फोन, शराब की कैन, ऑटो तथा बाइक बरामद की गई है।

पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे मृतक के साथ सिम पोर्ट का काम करते थे। मृतक द्वारा आए दिन गाली-गलौज, मारपीट और अपमानित करने से वे आक्रोशित थे। इसी रंजिश के चलते उन्होंने पूर्व नियोजित योजना के तहत सुनसान स्थान पर ले जाकर उसकी हत्या कर दी।

उन्होने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों ने पहले पुलिस को गुमराह किया मगर सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की जिसके बाद उन्होने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित