कानपुर , फरवरी 27 -- कानपुर नगर निगम द्वारा अवस्थापना निधि के अंतर्गत नगर क्षेत्र में प्रस्तावित 18 जनहित के विकास कार्यों को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। अधिकृत सूत्रों ने बताया कि विकास कार्यों की कुल प्रस्तावित धनराशि 11,905.70 लाख रुपये है, जिसमें लगभग 62 प्रतिशत राशि आय सृजन संबंधी परियोजनाओं पर तथा लगभग 75 प्रतिशत राशि स्थायी निर्माण कार्यों पर व्यय की जाएगी। विकास कार्यो के तहत मॉडल टाउन में मेडिटेशन थीम पार्क तथा झांसी रानी पार्क में सेंसरी एवं हाईजीन थीम पार्क का निर्माण किया जाएगा। इन परियोजनाओं से नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं शिक्षाप्रद वातावरण मिलेगा तथा पर्यावरण संरक्षण, योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा फूलबाग क्षेत्र में गो-कार्टिंग ट्रैक, परेड रामलीला मैदान में सुदृढ़ प्रवेश द्वार तथा नगर के प्रमुख प्रवेश मार्गों पर भव्य द्वारों का निर्माण किया जाएगा। इन कार्यों से नगर की सांस्कृतिक पहचान मजबूत होगी और पर्यटन को प्रोत्साहन मिलेगा। जे.के. कैंसर अस्पताल परिसर में प्रतीक्षालय निर्माण, सार्वजनिक स्थलों पर स्टील बेंच एवं शेड की स्थापना, सिद्धनाथ घाट श्मशान स्थल पर अतिरिक्त शेड तथा शेखपुर ग्राम में सामुदायिक केंद्र का पुनर्निर्माण किया जाएगा। इससे वृद्धजन, महिलाएं, रोगी एवं ग्रामीण नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित