कानपुर , मई, 02 -- विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की अध्यक्षता में सरसैयाघाट स्थित नवीन सभागार में जनपद के समग्र विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में कानपुर को गंगा एक्सप्रेस-वे से लिंक एक्सप्रेस-वे के माध्यम से जोड़ने के लिए शीघ्र प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। बैठक में रामादेवी से गोल चौराहा तक प्रस्तावित फ्लाईओवर निर्माण में तेजी लाने तथा जाजमऊ से चकेरी एयरपोर्ट तक सुगम एवं निर्बाध मार्ग विकसित करने पर जोर दिया गया। आईटीबीपी नरवल मोड़ पर अंडरपास निर्माण, जाजमऊ से एयरपोर्ट मार्ग को जाम मुक्त बनाने और शहर के प्रमुख मार्गों को व्यवस्थित करने के निर्देश भी दिए गए।
सैमसी झील के संरक्षण और सौंदर्यीकरण पर भी चर्चा हुई। बताया गया कि पीपीपी मॉडल के तहत जलकुंभी हटाने का कार्य प्रगति पर है, जिसे दो माह में पूरा किया जाएगा। गंगा नदी पर स्थित डोमनपुर सेतु के सुदृढ़ीकरण एवं विस्तार के प्रस्ताव पर भी विचार हुआ, जिसकी लंबाई 1000 मीटर से बढ़ाकर 1300 मीटर किए जाने की संस्तुति शासन स्तर पर लंबित है।
विधानसभा अध्यक्ष ने डिफेंस कॉरिडोर के अंतर्गत गोपालपुर, दौलतपुर व मोहीपुर में भूमि अधिग्रहण के मामलों में किसानों को उचित मुआवजा दिलाने के निर्देश दिए। साथ ही बताया गया कि जनपद में मिसाइल निर्माण इकाई स्थापित किए जाने की योजना से औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।
बैठक में विद्युत आपूर्ति की समस्या पर चर्चा करते हुए केस्को द्वारा ओवरलोड क्षेत्रों में मोबाइल ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाने की जानकारी दी गई। बतियापुरवा में सीटीपी निर्माण 30 जून 2026 तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
सोमनाथ मंदिर तालाब पर अतिक्रमण हटाने के लिए समिति गठित कर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में निजी अस्पतालों द्वारा निर्धारित दरों से अधिक वसूली पर सख्ती बरतते हुए आयुष्मान योजना और मुख्यमंत्री आर्थिक सहायता योजना के तहत पीजीआई की दरों पर ही उपचार सुनिश्चित कराने को कहा गया।
बैठक में बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर यूपीसीडा के क्षेत्रीय प्रबंधक से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही सरायमीता क्षेत्र में शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने और शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने को कहा गया।
विधानसभा अध्यक्ष ने सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में महापौर प्रमिला पाण्डेय, जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण, विधायक नीलिमा कटियार, सरोज कुरील, राहुल बच्चा सोनकर, सुरेंद्र मैथानी, संयुक्त पुलिस आयुक्त संकल्प शर्मा, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित