कानपुर , मार्च 23 -- कानपुर के नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने सोमवार को जोन-4 में सीएम ग्रिड कार्य, घर-घर कूड़ा संग्रहण एवं सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई खामियां मिलने पर संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त ने माता स्वरूप रानी मार्ग पर चल रहे सीएम ग्रिड कार्य का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि मार्ग की लंबाई 1.50 किलोमीटर है, जहां सीवर एवं स्टॉर्म वाटर लाइन बिछाने का कार्य प्रगति पर है। नगर आयुक्त ने केस्को से समन्वय स्थापित कर कार्य को समयसीमा में पूरा करने तथा अप्रैल माह तक आदर्श पैच निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एक भवन स्वामी द्वारा फुटपाथ के कर्व एवं केसी ड्रेन की डिजाइन को लेकर आपत्ति जताई गई। इस पर नगर आयुक्त ने डिजाइन में संशोधन कर आवागमन सुगम बनाने के निर्देश दिए। सफाई व्यवस्था के निरीक्षण में गंभीर लापरवाही सामने आई। मस्टर रोल एवं फेस रीडिंग उपस्थिति में अंतर पाया गया। कुल 63 कर्मचारियों के सापेक्ष मात्र 17 कर्मचारी ही उपस्थित मिले, जबकि 46 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए।

इस पर नगर आयुक्त ने सख्त कार्रवाई करते हुए सफाई पर्यवेक्षक मनोज का वेतन तत्काल प्रभाव से रोकने एवं एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। साथ ही जोनल स्वच्छता अधिकारी देवेन्द्र कुमार को तत्काल प्रभाव से जोन से हटाकर नगर निगम मुख्यालय से संबद्ध किया गया। इसके अतिरिक्त संबंधित अधिकारी डॉ. चन्द्रशेखर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

इसी क्रम में नगर आयुक्त ने जोन-6 में आगामी रामनवमी पर्व को लेकर जुलूस मार्ग एवं मंदिर/मैदान का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को साफ-सफाई, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित