कानपुर , मार्च 30 -- कानपुर मंडल के कमिश्नर के. विजयेंद्र पांडियन की अध्यक्षता में सम्भागीय परिवहन प्राधिकरण की बैठक में परिवहन व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह, उप परिवहन आयुक्त (परिक्षेत्र) आर.आर. सोनी तथा सम्भागीय परिवहन अधिकारी राकेन्द्र कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान एजेण्डा बिंदुओं पर आवेदकों एवं मोटर ऑपरेटर्स की बात सुनने के बाद विभिन्न मामलों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। इसके तहत कैरेज बाई रोड एक्ट 2007 के अंतर्गत "कामन कैरियर" श्रेणी में एक नए पंजीकरण और सात नवीनीकरण आवेदनों पर निर्णय लिया गया।
केन्द्रीय मोटरयान अधिनियम 1988 की शर्तों के उल्लंघन पर कार्रवाई करते हुए धारा 86 के तहत नौ परमिट निरस्त किए गए। साथ ही औरैया-घटियाघाट मार्ग के एक स्थायी स्टेज कैरेज परमिट को भी निरस्त करने का निर्णय लिया गया। इसके अतिरिक्त उच्च मॉडल के वाहन के पृष्ठांकन से संबंधित विलंबित दो आवेदनों पर भी विचार किया गया। कानपुर महानगर बस सेवा के मार्ग संख्या 16 (कम्पनी बाग-सजारी) को बढ़ाकर गंगा बैराज तक किए जाने के प्रस्ताव पर भी चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए गए।
बैठक में उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा प्रस्तावित नए मार्गों के सृजन पर भी विचार-विमर्श किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित