कानपुर , जनवरी 29 -- भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर (आईआईटी) का शतरंज क्लब, एसबीआई जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के सहयोग से सात फरवरी को पहली बार फिडे-रेटेड ओपन रैपिड शतरंज टूर्नामेंट का आयोजन करेगा। यह प्रतियोगिता आईआईटी कानपुर परिसर में पहली बार अंतरराष्ट्रीय रेटिंग के साथ आयोजित की जा रही है, जिसमें देशभर के खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे। टूर्नामेंट न्यू स्टूडेंट्स एक्टिविटी सेंटर के योगा हॉल में सुबह 9 बजे से शुरू होगा। प्रतियोगिता 9-राउंड स्विस सिस्टम प्रारूप में खेली जाएगी, जिसमें समय नियंत्रण 10 मिनट प्रति खिलाड़ी तथा प्रति चाल 5 सेकंड की वृद्धि होगी। यह आयोजन फिडे के सभी नियमों के अनुरूप होगा, जिससे खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा का अनुभव मिलेगा। इस प्रतियोगिता में कुल दो लाख रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है। विजेता को 40,000 रुपये, उपविजेता को 25 हजार और तृतीय स्थान पाने वाले खिलाड़ी को 15 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। नकद पुरस्कार 20वें स्थान तक दिए जाएंगे। इसके अलावा श्रेष्ठ महिला खिलाड़ी, 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग, विभिन्न रेटिंग श्रेणियों (1600-1799, 1400-1599, अनरेटेड) और "श्रेष्ठ आईआईटी कानपुर खिलाड़ी" के लिए भी विशेष पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित