फर्रुखाबाद , अक्टूबर 31 -- कानपुर अनवरगंज रेलवे स्टेशन पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली की कमीशनिंग का कार्य शुरू होने के कारण फर्रुखाबाद-रावतपुर रेलखंड पर चलने वाली कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। रेल प्रशासन ने यात्रियों की संरक्षा और रेल परिचालन को सुगम बनाने के उद्देश्य से कुछ ट्रेनों का आंशिक निरस्तीकरण, शॉर्ट टर्मिनेशन एवं ओरिजिनेशन, पुनर्निर्धारण तथा नियंत्रित संचालन करने का निर्णय लिया है।
पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल के रेल प्रवक्ता ने शनिवार देर शाम यह जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल के अंतर्गत कानपुर अनवरगंज स्टेशन पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली की कमीशनिंग के चलते विभिन्न तिथियों में ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया गया है।
गाड़ी संख्या 55348 फर्रुखाबाद-कानपुर अनवरगंज सवारी गाड़ी 31 अक्टूबर तथा दो और तीन नवंबर 2026 को रावतपुर स्टेशन पर शॉर्ट टर्मिनेट होगी।
इसी प्रकार गाड़ी संख्या 15037 कानपुर अनवरगंज-कासगंज एक्सप्रेस 31 अक्टूबर तथा दो और तीन नवंबर 2026 को कानपुर अनवरगंज के स्थान पर रावतपुर स्टेशन से प्रस्थान करेगी।
गाड़ी संख्या 54155 कानपुर सेंट्रल-कानपुर अनवरगंज सवारी गाड़ी 31 अक्टूबर तथा दो और तीन नवंबर को 90 मिनट और चार नवंबर को 180 मिनट पुनर्निर्धारित समय से चलाई जाएगी। गाड़ी संख्या 15084 फर्रुखाबाद-कानपुर अनवरगंज एक्सप्रेस चार नवंबर 2026 को 60 मिनट पुनर्निर्धारित समय से संचालित होगी। गाड़ी संख्या 19615 उदयपुर-कामाख्या साप्ताहिक एक्सप्रेस दो नवंबर 2026 को फर्रुखाबाद-रावतपुर रेलखंड के बीच 40 मिनट नियंत्रित की जाएगी। वहीं, गाड़ी संख्या 15038 कासगंज-कानपुर अनवरगंज एक्सप्रेस चार नवंबर 2026 को पूर्वोत्तर रेलवे क्षेत्र में 15 मिनट नियंत्रित रहेगी।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि यात्रा शुरू करने से पहले संबंधित ट्रेनों की अद्यतन परिचालन स्थिति की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (एनटीईएस) अथवा रेलवे हेल्पलाइन से अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित