धौलपुर , अप्रैल 14 -- राजस्थान में 'मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पदक' और 'मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक' से सम्मानित होने वाले 43 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की सूची में धौलपुर के कोतवाली थाने में तैनात कॉन्स्टेबल लोकेश कुमार का नाम शामिल किये जाने की घोषणा के बाद धौलपुर जिले में खुशी का माहौल है।
आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि मूल रूप से भरतपुर जिले के निवासी कॉन्स्टेबल लोकेश कुमार धौलपुर जिले से एकमात्र पुलिसकर्मी हैं जिन्हें इस सम्मान के लिए चुना गया है। यह पदक पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के उत्कृष्ट कार्य, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण को मान्यता देने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष स्वतंत्रता दिवस पर घोषित किए जाते हैं।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि वर्ष 2011 में चित्तौड़गढ़ जिले में कॉन्स्टेबल के पद पर पुलिस सेवा में लोकेश कुमार ने प्रवेश किया था। वर्ष 2021 से वह धौलपुर जिले के विभिन्न थानों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। अपनी ड्यूटी के दौरान किए गए सराहनीय कार्यों के लिए उन्हें इस पदक से सम्मानित किया जा रहा है। इन पदकों का वितरण राजस्थान पुलिस दिवस परेड के अवसर पर किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित