रांची , मार्च 15 -- झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा सामाजिक न्याय के योद्धा और बहुजन चेतना के मार्गदर्शक कांशीराम को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग उठाने पर हार्दिक धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया गया है।
प्रदेश कांग्रेस के मीडिया चेयरमैन सतीश पौल मुंजनी ने कहा कि कांशीराम ने अपने पूरे जीवन को बहुजन समाज के अधिकार, सम्मान और राजनीतिक भागीदारी के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने देश के करोड़ों वंचित, दलित, आदिवासी और पिछड़े वर्गों को सामाजिक न्याय, समान अधिकार और आत्मसम्मान के लिए संगठित करने का ऐतिहासिक कार्य किया।
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इस संबंध में प्रधानमंत्री आफिस को पत्र लिखकर कांशीराम को भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग उठायी है जो सामाजिक न्याय की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय कदम है।
प्रदेश कांग्रेस का मानना है कि यदि कांशीराम को भारत रत्न से सम्मानित किया जाता है, तो यह न केवल उनके महान योगदान को सच्ची श्रद्धांजलि होगी, बल्कि उस पूरे बहुजन आंदोलन का भी सम्मान होगा जिसने देश के करोड़ों लोगों को अपने अधिकारों और हिस्सेदारी के लिए जागरूक किया।
कांग्रेस पार्टी लंबे समय से सामाजिक न्याय, समानता और संविधान की मूल भावना को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध रही है। राहुल गांधी द्वारा उठाई गई यह मांग देश के वंचित और बहुजन समाज की भावनाओं का सम्मान करती है। अतः हम केंद्र सरकार से मांग करते हैं कि कांशीराम के ऐतिहासिक योगदान को ध्यान में रखते हुए उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित