मुरादाबाद , अगस्त 07 -- श्रावण मास कांवड़ मेले के मद्देनजर रेल मंडल प्रशासन ने कांवड़ यात्रियों की सुविधा के लिए सहारनपुर-हरिद्वार-सहारनपुर मार्ग पर एक फेरे के लिए अनारक्षित कांवड़ मेला स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। विशेष ट्रेन शुक्रवार को संचालित की जा रही है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि ट्रेन संख्या 04558 सहारनपुर से शाम 17.45 बजे रवाना होकर 18.18 बजे रुड़की पहुंचेगी और दो मिनट के ठहराव के बाद 18.20 बजे रवाना होगी। ट्रेन 19.08 बजे ज्वालापुर पहुंचेगी और दो मिनट बाद 19.10 बजे रवाना होकर 19.40 बजे हरिद्वार जंक्शन पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 04557 हरिद्वार जंक्शन से रात 21.00 बजे रवाना होगी और 21.10 बजे ज्वालापुर पहुंचेगी। दो मिनट के ठहराव के बाद 21.12 बजे रवाना होकर 21.50 बजे रुड़की पहुंचेगी और 21.52 बजे वहां से चलकर रात 22.45 बजे सहारनपुर जंक्शन पहुंचेगी।
उन्होंने बताया कि विशेष ट्रेन के सभी कोच साधारण श्रेणी के होंगे। यात्रियों और कांवड़ियों को बिना पूर्व आरक्षण के यात्रा की सुविधा मिलेगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा के दौरान व्यवस्था बनाए रखने और रेल नियमों का पालन करने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित