रायपुर , अगस्त 23 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रविवार को राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी स्थित मारुति मंगलम परिसर से निकाली गई कांवड़ यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने भगवान शिव का रुद्राभिषेक कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं को श्रावण मास की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा भक्ति, संस्कृति और सामाजिक समरसता का अनुपम संगम है। धार्मिक परंपराएं नई पीढ़ी को संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

उन्होंने कहा कि सावन का महीना भगवान शिव की आराधना और भक्ति का विशेष अवसर है। इस दौरान हजारों शिवभक्त पवित्र जल लेकर भगवान भोलेनाथ के अभिषेक के लिए पैदल यात्रा करते हैं। कठिन यात्रा के बीच श्रद्धालुओं का उत्साह और समर्पण सनातन संस्कृति में निहित आस्था की शक्ति को प्रदर्शित करता है।

मारुति मंगलम परिसर से हजारों कांवड़िये पवित्र जल लेकर महादेव घाट स्थित भगवान हटकेश्वरनाथ महादेव के जलाभिषेक के लिए रवाना हुए। शिवभक्तों के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का उत्सव भी है। समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता से आपसी सद्भाव, सामाजिक एकता और समरसता की भावना मजबूत होती है।

श्री साय ने भगवान हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि यह छत्तीसगढ़ की प्राचीन शिव आराधना परंपरा का प्रमुख केंद्र है। विशेष रूप से श्रावण मास में बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक और पूजा-अर्चना करते हैं।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान प्राकृतिक सुंदरता और लोक-संस्कृति के साथ उसकी समृद्ध आध्यात्मिक परंपराओं से भी है। प्रदेश के विभिन्न अंचलों में स्थित प्राचीन शिवधाम और शक्तिपीठ इस धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत के साक्षी हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों के विकास और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं के विस्तार की दिशा में लगातार काम कर रही है। इससे आस्था के केंद्रों को नई पहचान मिलने के साथ धार्मिक पर्यटन की संभावनाओं का भी विस्तार हो रहा है।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक राजेश मूणत, सुनील सोनी, मोतीलाल साहू और पुरंदर मिश्रा, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, महापौर मीनल चौबे सहित विभिन्न निगम-मंडलों के अध्यक्ष, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित