हरिद्वार , अगस्त 02 -- उत्तराखंड में हरिद्वार श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के अंतिम चरण में शिवभक्तों की आस्था से सराबोर है। देश के विभिन्न राज्यों से गंगाजल लेने पहुंचे लाखों कांवड़ियों ने उत्तराखंड सरकार और हरिद्वार जिला प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं की खुलकर सराहना की है।
श्रद्धालुओं का कहना है कि इस बार यात्रा मार्गों पर सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा, पेयजल, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं का बेहतर प्रबंधन देखने को मिला है, जिससे उनकी यात्रा पहले की अपेक्षा अधिक सुगम और सुरक्षित बनी है।
दिल्ली से हरिद्वार पहुंचीं श्रद्धालु संतोष पांचाल ने बताया कि वह दूसरी बार कांवड़ यात्रा पर आई हैं। उनके अनुसार इस वर्ष सरकार और प्रशासन ने कांवड़ियों की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं, जिससे यात्रा बेहद सहज रही। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से आए शिवभक्त मोनू ने कहा कि प्रशासन द्वारा कांवड़ियों के लिए अलग यात्रा मार्ग बनाए जाने से आवागमन सुचारु हुआ है। मार्ग पर बिजली, पेयजल, शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होने से श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है।
श्रद्धालुओं की प्रतिक्रियाओं से स्पष्ट है कि कांवड़ यात्रा के दौरान उत्तराखंड सरकार और हरिद्वार जिला प्रशासन ने व्यवस्थाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरती है। यात्रा मार्गों पर सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता और यातायात प्रबंधन को लेकर प्रशासन लगातार सक्रिय बना हुआ है।
शिवभक्तों ने इन प्रयासों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया तथा सभी श्रद्धालुओं से अनुशासन बनाए रखते हुए यात्रा संपन्न करने की अपील भी की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित