गाजियाबाद , जुलाई 23 -- सावन माह में शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिला स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। यात्रियों की बढ़ती संख्या और संभावित स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों को देखते हुए विभाग ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।

गुरुवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर सचिन वैश्य ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी स्वास्थ्य इकाइयों को पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा के दौरान पर्याप्त पानी पिएं, अत्यधिक थकान होने पर विश्राम करें और किसी भी स्वास्थ्य समस्या की स्थिति में निकटतम चिकित्सा शिविर या अस्पताल से तुरंत संपर्क करें।

जिले के सभी सरकारी अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) और स्वास्थ्य इकाइयों को 24 घंटे चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी हैं। सभी चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ को अपने कार्यस्थल पर उपस्थित रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर तुरंत सेवाएं देने के निर्देश दिए गए हैं।

कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाले प्रमुख स्थानों पर अस्थायी चिकित्सा शिविर स्थापित किए जाएंगे, जहां प्राथमिक उपचार, आवश्यक दवाएं, ओआरएस, दर्द निवारक दवाएं, पट्टियां और अन्य जरूरी चिकित्सा सामग्री उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा एंबुलेंस सेवाओं को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है, ताकि किसी भी दुर्घटना या स्वास्थ्य आपात स्थिति में मरीजों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया जा सके।

स्वास्थ्य विभाग ने सभी अस्पतालों में पर्याप्त मात्रा में दवाओं का स्टॉक, ऑक्सीजन, बेड और अन्य आवश्यक चिकित्सा संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए हैं। अस्पतालों के इमरजेंसी वार्ड 24 घंटे सक्रिय रहेंगे और वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा तैयारियों की नियमित निगरानी की जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि प्रशासन के अन्य विभागों के साथ समन्वय बनाकर कार्य किया जा रहा है, ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित