अमरोहा , जुलाई 27 -- श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षित एवं निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-09 (मुरादाबाद-दिल्ली मार्ग) पर 30 जुलाई से 28 अगस्त तक चरणबद्ध ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। यातायात पुलिस ने इसके लिए विस्तृत रूट प्लान जारी किया है।
यातायात पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि श्रावण मास में हरिद्वार और बृजघाट से गंगाजल लेकर लौटने वाले कांवड़ियों की भारी भीड़ को देखते हुए एनएच-09 पर 'जीरो ट्रैफिक प्लान' लागू किया जाएगा, जिससे कांवड़ियों की आवाजाही बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके। इस वर्ष श्रावण महाशिवरात्रि का मुख्य पर्व 11 अगस्त को मनाया जाएगा। इस दौरान मुरादाबाद, संभल, रामपुर, बरेली, बदायूं सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगाजल लेकर अपने गंतव्यों की ओर प्रस्थान करेंगे।
पुलिस के अनुसार भारी व्यावसायिक वाहनों, जिनमें रोडवेज एवं निजी बसें, ट्रक, डंपर, ट्रैक्टर-ट्रॉली तथा हल्के मालवाहक वाहन शामिल हैं, के लिए प्रथम सोमवार का डायवर्जन 31 जुलाई रात्रि 8 बजे से 3 अगस्त शाम 8 बजे तक लागू रहेगा। द्वितीय सोमवार एवं महाशिवरात्रि के लिए यह व्यवस्था 7 अगस्त रात्रि 8 बजे से 11 अगस्त शाम 8 बजे तक, तृतीय सोमवार के लिए 14 अगस्त रात्रि 8 बजे से 17 अगस्त शाम 8 बजे तक तथा चतुर्थ सोमवार के लिए 20 अगस्त प्रातः 8 बजे से 24 अगस्त शाम 8 बजे तक प्रभावी रहेगी।
कार, जीप, पिकअप और अन्य हल्के वाहनों के लिए प्रथम सोमवार का डायवर्जन 2 अगस्त प्रातः 8 बजे से 3 अगस्त शाम 8 बजे तक लागू रहेगा। द्वितीय सोमवार एवं महाशिवरात्रि के लिए 9 अगस्त प्रातः 8 बजे से 11 अगस्त शाम 8 बजे तक, तृतीय सोमवार के लिए 16 अगस्त प्रातः 8 बजे से 17 अगस्त शाम 8 बजे तक तथा चतुर्थ सोमवार के लिए 23 अगस्त प्रातः 8 बजे से 24 अगस्त शाम 8 बजे तक वैकल्पिक मार्गों से यातायात संचालित किया जाएगा।
यातायात पुलिस ने बताया कि बरेली से दिल्ली जाने वाले भारी वाहनों को आंवला, शाहबाद, बिलारी, चंदौसी, बबराला, डिबाई, नरौरा और बुलंदशहर होकर भेजा जाएगा। रामपुर से दिल्ली जाने वाले वाहनों को शाहबाद, बिलारी, चंदौसी, बहजोई तथा गंगा एक्सप्रेस-वे के खड़लिया कट (सिंभावली) के रास्ते दिल्ली भेजा जाएगा।
मुरादाबाद और संभल से दिल्ली तथा गाजियाबाद की ओर जाने वाले वाहनों को बिलारी, चंदौसी, बहजोई अथवा सिरसी-असमौली मार्ग से गंगा एक्सप्रेस-वे होते हुए खड़लिया कट की ओर डायवर्ट किया जाएगा। चांदपुर से गजरौला होकर दिल्ली जाने वाले वाहनों को जलीलपुर गंगा पुल, हस्तिनापुर, मवाना और मेरठ मार्ग से भेजा जाएगा।
इसी प्रकार अमरोहा और गजरौला से दिल्ली जाने वाला यातायात अतरासी पुलिस चौकी और हसनपुर होते हुए गंगा एक्सप्रेस-वे से संचालित किया जाएगा। धनौरा से दिल्ली जाने वाले भारी वाहन नौगांवा फाटक, सीना, चांदपुर, बिजनौर और मेरठ मार्ग से गुजरेंगे।
वहीं दिल्ली और गाजियाबाद से बरेली तथा लखनऊ की ओर जाने वाले भारी वाहनों को लालकुआं, बुलंदशहर, नरौरा और बदायूं मार्ग से भेजा जाएगा, जबकि मेरठ से बरेली जाने वाले वाहनों को बिजनौर, धामपुर, स्योहारा और मुरादाबाद के रास्ते संचालित किया जाएगा।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित डायवर्जन व्यवस्था का पालन करने तथा यात्रा से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी लेकर ही प्रस्थान करने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित