मुरादाबाद , जुलाई 29 -- कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने दिल्ली-शामली मेमू पैसेंजर का अस्थायी रूप से हरिद्वार तक विस्तार करने तथा बठिंडा और हरिद्वार के बीच विशेष ट्रेन संचालित करने का निर्णय लिया है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने मंगलवार को बताया कि गाड़ी संख्या 64033/64034 दिल्ली जंक्शन-शामली-दिल्ली जंक्शन मेमू पैसेंजर का हरिद्वार तक अस्थायी विस्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि गाड़ी संख्या 64033 का विस्तार 29 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक प्रभावी रहेगा। यह ट्रेन दिल्ली जंक्शन से शाम 4:25 बजे प्रस्थान कर अपने निर्धारित समय के अनुसार शाम 7:00 बजे शामली पहुंचेगी। वहां से शाम 7:05 बजे रवाना होकर सिलावर, हिंद, उस्मानपुर देहात हाल्ट, हरीशपुर, थाना भवन टाउन, थाना भवन, ननौता, सोना अर्जुनपुर, रामपुर मनिहारान, भांकला हाल्ट, जंधेड़ा हाल्ट, मनानी, टपरी और रुड़की (रात्रि 9:25/9:27 बजे) होते हुए ज्वालापुर के रास्ते रात 11:00 बजे हरिद्वार पहुंचेगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 64034 हरिद्वार-दिल्ली जंक्शन मेमू पैसेंजर का विस्तार 30 जुलाई से 14 अगस्त 2026 तक रहेगा। यह ट्रेन प्रातः 4:00 बजे हरिद्वार से रवाना होकर रुड़की, टपरी, मनानी, जंधेड़ा हाल्ट, भांकला हाल्ट, रामपुर मनिहारान, सोना अर्जुनपुर, ननौता, थाना भवन, थाना भवन टाउन, हरीशपुर, उस्मानपुर देहात हाल्ट, हिंद और सिलावर होते हुए सुबह 6:55 बजे शामली पहुंचेगी। इसके बाद सुबह 7:00 बजे शामली से प्रस्थान कर 10:10 बजे दिल्ली जंक्शन पहुंचेगी।

उन्होंने बताया कि रेल प्रशासन ने गाड़ी संख्या 04560/04559 बठिंडा-हरिद्वार-बठिंडा स्पेशल ट्रेन संचालित करने का भी निर्णय लिया है। यह विशेष ट्रेन 30 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन चलेगी और दोनों दिशाओं में कुल 32-32 फेरे लगाएगी। गाड़ी संख्या 04560 प्रतिदिन सुबह 5:30 बजे बठिंडा से प्रस्थान कर भुच्चू, रामपुर फूल, तपा, बरनाला, धूरी, नाभा, पटियाला, राजपुरा, अंबाला शहर, अंबाला कैंट, बराड़ा, जगाधरी वर्कशॉप, यमुनानगर-जगाधरी, सहारनपुर और रुड़की होते हुए दोपहर 2:35 बजे हरिद्वार पहुंचेगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 04559 प्रतिदिन शाम 5:00 बजे हरिद्वार से रवाना होकर रुड़की, सहारनपुर, यमुनानगर-जगाधरी, जगाधरी वर्कशॉप, बराड़ा, अंबाला कैंट, अंबाला शहर, राजपुरा, पटियाला, नाभा, धूरी, बरनाला, तपा, रामपुर फूल और भुच्चू स्टेशनों पर ठहराव लेते हुए देर रात 12:40 बजे बठिंडा पहुंचेगी।

रेलवे ने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान निर्धारित समय-सारिणी का पालन करने तथा यात्रा संबंधी नवीनतम जानकारी प्राप्त कर ही सफर करने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित