हरिद्वार , अगस्त, 03 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में कांवड़ मेला-2026 को स्वच्छ, हरित और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में नगर निगम की पहल लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही है। संपूर्ण कांवड़ मार्ग पर स्थापित चार 'ग्रीन चौकियां' श्रद्धालुओं को सिंगल यूज़ प्लास्टिक से दूरी बनाने और पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित कर रही हैं।

नगर निगम द्वारा पुल जटवाड़ा, कांवड़ पटरी प्रेमनगर, ऋषिकुल और सीसीआर चौक पर संचालित इन ग्रीन चौकियों पर स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है। यहां श्रद्धालुओं को सिंगल यूज़ प्लास्टिक से पर्यावरण, मां गंगा और मानव स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया जा रहा है। यदि कोई श्रद्धालु प्लास्टिक पॉलीथिन अथवा अन्य सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग करते हुए पाया जाता है तो उससे प्लास्टिक लेकर उसके स्थान पर निशुल्क कम्पोस्टेबल ग्रीन बैग उपलब्ध कराया जा रहा है।

नगर निगम की यह पहल केवल प्लास्टिक के विकल्प उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रीन चौकियों को जन-जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण के प्रभावी केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। यहां श्रद्धालुओं को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए प्लास्टिक के स्थान पर टिकाऊ और पर्यावरण-अनुकूल सामग्री के उपयोग के लिए प्रेरित किया जा रहा है, जिससे कांवड़ यात्रा को स्वच्छ और हरित स्वरूप प्रदान किया जा सके।

अभियान में जनप्रतिनिधियों की भी सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है। कृष्णा नगर वार्ड के पार्षद परमिंदर सिंह गिल ने ग्रीन चौकी का निरीक्षण कर नगर निगम की इस पहल की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अनुकरणीय प्रयास बताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित